रांची | एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बुधवार को सभी डीएसपी और थानेदार के साथ एंटी क्राइम मीटिंग की। मीटिंग में उन्होंने अवैध खनन, भंडारण आैर परिवहन पर रोक लगाने के अलावा छेड़खानी पर रोक लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसएसपी ने सख्त निर्देश दिया है कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर की परिधि में किसी भी हाल में नशीली पदार्थों की नहीं होने दें। नशीली पदार्थों की कहीं भी बिक्री होती है तो कड़ी कार्रवाई करें। इसके अलावा किसी भी थाना क्षेत्र में कोई घटनाएं होती है, तो तुरंत कंट्रोल रूम को जानकारी दें। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी लगाने का प्रयास करें ताकि किसी प्रकार के अपराध होने के बाद उसके डिटेक्शन में मदद मिले। मीटिंग में डीआईजी सह एसएसपी के अलावा ग्रामीण एसपी और सभी डीएसपी भी मौजूद थे। गली-मोहल्लों में पैदल गश्त करें जवान, वाहन चोर गिरोह पर लगाएं लगाम डीआईजी ने बैठक ने सभी थानेदार को निर्देश दिया है कि जहां कहीं वाहन जाने के लिए रास्ता नहीं है, वहां जवानों से पैदल गश्ती कराएं। इसके अलावा वाहन चोर गिरोह पर लगाम लगाते हुए आरोपियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करें। जमानत पर छूटे शातिर अपराधियों की सूची तैयार कर उसके गतिविधि पर लगातार नजर रखें। नागरिक सेवाओं का निर्धारित समय में निष्पादन करने का निर्देश सभी थानेदार को दिया गया है। पोसपोर्ट/चरित्र सत्यापन के लिए आने वाले आवेदन में विलंब करने के बाद कोई शिकायत मिलती है तो संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होना तय है।


