स्कूल-क्रिकेट अकादमी का मालिक बना ड्रग तस्कर:इंदौर-भोपाल के पब-लाउंज तक थार से एमडी सप्लाई; बंगले के पोर्च में लग्जरी गाड़ियों का बेड़ा

भोपाल में सेंट माइकल स्कूल और सेंट माइकल क्रिकेट अकादमी का मालिक ड्रग तस्करी में पकड़ा गया। वो थार जीप से भोपाल-इंदौर के पब और लाउंज में ड्रग सप्लाई करता था। उसके लिए लड़कियां भी पैडलर का काम करती थीं। आरोपी अबान शकील इंदौर में ड्रग डिलीवरी देने के इंतजार में था, तभी इंदौर क्राइम ब्रांच और कनाडिया पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। अबान शकील ने पुलिस को बताया कि उसने पहली बार भोपाल के एक जिम में ड्रग का डोज लिया था। नशे में वर्कआउट के दौरान वेट लिफ्टिंग के वजन का एहसास नहीं होता। इसके बाद ड्रग तस्करी का काम करने लगा। एक ग्राम ड्रग दस हजार रुपए में बेचता था। पुलिस को थार में 5.5 ग्राम एमडी मिली
13 जनवरी को इंदौर पुलिस को सूचना मिली थी कि अबान शकील कनाडिया में नशीले पदार्थों की खेप लेकर आने वाला है। मुखबिर के बताए रोड पर घेराबंदी कर पुलिस ने अबान की थार को रोक लिया। तलाशी में 5.5 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई। शुरुआती पूछताछ में अबान ने बताया कि किसी को शक न हो, इसलिए ड्रग सप्लाई के लिए वह खुद की ही थार का उपयोग करता था। आधे एकड़ में बनी करोड़ों रुपए की कोठी
अबान कोहेफिजा इलाके में स्थित सैफिया कॉलेज मैदान में आधा एकड़ में बनी करोड़ों रुपए कीमत की कोठी में रहता है। उसके घर के पोर्च में लग्जरी कारें खड़ी रहती हैं। सेंट माइकल स्कूल चलाने में उसकी बहन भी सहयोगी है। पुराने भोपाल का रहने वाला अबान आमतौर पर नए भोपाल के क्लब और लाउंज में उठता-बैठता था। ड्रग्स पैडलर बाबा ने दी थी एमडी
अबान शकील ने इंदौर पुलिस को बताया कि उसे ड्रग्स बाबा ने दी थी। भोपाल का ड्रग पैडलर बाबा पार्टी और पब में नशा करने वालों को ड्रग्स मुहैया कराता है। अबान ने बताया कि वह शनिवार को दोस्तों के साथ पार्टी करता था। इसी दौरान एक पब में उसकी बाबा से पहचान हुई थी। मोबाइल में मिली नशे को लेकर चैटिंग
अबान के मोबाइल में बाबा और उसके बीच वाट्सएप चैट भी मिली है। इसमें नशा देने के लिए बाबा उससे कोडवर्ड में बात कर रहा था। वह करीब दो साल से इसी तरह के नेटवर्क में जुड़ा है। बाबा पुलिस के लिए मुखबिरी भी करता है। सूत्रों के मुताबिक, बाबा ने तीन लोगों को मिलाकर 60 ग्राम एमडी दी थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले में साढ़े 5 ग्राम का ही केस बनाया है। अबान के पिता भी बॉडी बिल्डर थे
अबान के पिता शकील मध्य प्रदेश के पुराने और नामी बॉडी बिल्डर रहे हैं। कोरोना काल में उनकी मौत हो गई थी। शकील ने ही सेंट माइकल स्कूल की नींव रखी थी। सेंट माइकल क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत भी उन्होंने ही की थी। इस एकेडमी से रणजी से लेकर स्टेट तक खेलने वाले कई क्रिकेटर निकले। शकील फिटनेस को लेकर बेहद संजीदा रहते थे। महिला ड्रग तस्कर से संबंधों की पड़ताल
इससे पहले 15 नवंबर 2025 को भोपाल की टीला जमालपुरा पुलिस ने ड्रग तस्करी के मामले में अक्सा खान (25) को गिरफ्तार किया था। वह ग्राहक के इंतजार में इस्लामी गेट के पास खड़ी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। अक्सा के कब्जे से 9 ग्राम एमडी और 1.52 लाख रुपए का मोबाइल जब्त किया गया है। अक्सा भी कोहेफिजा में ही 5-2 चित्रांश अपार्टमेंट में रहती है। तलाशी लेने पर उसके पर्स के अंदर छोटी-छोटी 8 पारदर्शी पन्नियों में 9 ग्राम एमडी मिली थी। वह फिलहाल भोपाल सेंट्रल जेल में है। सूत्रों के मुताबिक अक्सा, अबान के पैडलर के तौर पर काम करती थी। इस इनपुट पर भोपाल पुलिस ने अबान के लोकल नेटवर्क की गोपनीय जांच शुरू कर दी है। हाई प्रोफाइल फैमिली से ताल्लुक रखती है अक्सा
अक्सा उर्फ आसिया खान भोपाल के कोहेफिजा के हाई प्रोफाइल घराने से ताल्लुक रखती है। उसके पिता आजम, शहर के एयरपोर्ट रोड स्थित बड़वई स्पोर्ट्स ग्राउंड का संचालन करते हैं। आसिया बी.कॉम ग्रेजुएट है और शहर के अलग-अलग हुक्का लॉज पर उसका उठना-बैठना है। ये खबर भी पढ़ें… 10 करोड़ की एमडी ड्रग्स जब्त, अंतरराष्ट्रीय कीमत 50 करोड़ आगर मालवा जिले में नर्सरी की आड़ में चल रही MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। नारकोटिक्स विभाग ने शनिवार तड़के आमला क्षेत्र स्थित तीर्थ नर्सरी पर छापा मारकर 31 किलो 250 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की है। जब्त ड्रग्स की कीमत घरेलू बाजार में करीब 10 करोड़ जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *