स्कूल जा रहे दो मासूमों को ट्रैक्टर ने टक्कर मारी:गंभीर घायल हुए, हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

ग्वालियर में स्कूल जा रहे दो बच्चों को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना गिरवाई थाना क्षेत्र के मथुरा गार्डन के पास हुई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में तलाश कर गिरफ्तार कर लिया है। घायल बच्चों की पहचान 14 वर्षीय अनुष्का राजपूत (निवासी पंचमुखी नगर, गिरवाई) और 10 वर्षीय रोहित बघेल (निवासी गोकुलपुर) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे सुबह के समय स्कूल जा रहे थे, तभी एबी रोड स्थित मथुरा गार्डन के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चों के परिजनों को बुलाया और घायल बच्चों को इलाज के लिए कमलाराजा अस्पताल में भर्ती कराया। अनुष्का के पिता दीपक राजपूत ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्रम प्रजापति, निवासी बनबार गांव, ग्वालियर बताया। पुलिस ने आरोपी के ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और टक्कर मारने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *