स्कूल बस ने बच्ची को कुचला-मौत, ड्राइवर फरार:उतरने के बाद पास में खड़ी थी, परिजन बोले-पिछला और आगे का पहिया ऊपर से निकला

अलवर के रामगढ़ के बामनीखेड़ा गांव में निजी स्कूल की बस ने एक बच्ची की कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौत हो गई। बच्ची इसी बस से उतरी थी। परिजनों ने बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया है। हादसा गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे हुआ। इधर ड्राइवर हादसे के बाद से फरार है। बस से उतरकर पास में खड़ी थी मृतका के ताऊ बनवारी पुत्र गुरुदयाल ने मामले पर रामगढ़ थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया- बच्ची राखी पुत्री दीपचंद रामगढ़ के एक निजी स्कूल में पढ़ती थी। राखी रोजाना अपने भाई तन्नू और गांव के अन्य बच्चों के साथ उसी स्कूल बस से स्कूल जाती थी। गुरुवार को भी वह स्कूल गई थी। दोपहर 3.30 बजे स्कूल बस बच्चों को छोड़ने गांव पहुंची। बस से उतरने के बाद तन्नू आगे चला गया, जबकि राखी बस के पीछे खड़ी रही। इसी दौरान बस ड्राइवर ने बिना देखे बस को पीछे की ओर मोड़ दिया। राखी बस के पिछले पहिए के नीचे आ गई। ड्राइवर ने बस रोकने के बजाय आगे बढ़ाने की कोशिश की, जिससे बच्ची का सिर आगे के पहिए के नीचे भी आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर बस लेकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने बस ड्राइवर को पकड़ने की मांग की हादसे के बाद मौके पर ग्रामीण जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और रामगढ़ उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। देर शाम पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों और परिजनों ने बस ड्राइवर को पकड़ने की मांग की है। थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार बस ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *