चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में रविवार रात 10:40 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। राजपुताना होटल के पास जलिया चेकपोस्ट के नजदीक स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गई। स्कॉर्पियो में सवार सभी यात्री उज्जैन के हिंगोरिया गांव के रहने वाले थे। वे सांवरिया जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में गौरव कुमार, अनिल, राजा और संजू की मौके पर ही मौत हो गई। तीन घायलों में दीपक पुत्र रमेश देपाल, योगेश पुत्र निलेश और सुनील पुत्र प्रह्लाद शामिल हैं। सभी उज्जैन के रहने वाले हैं। घायलों को एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने स्कॉर्पियो को सड़क किनारे कर यातायात बहाल किया। साथ ही मृतकों के परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


