भास्कर न्यूज | कवर्धा वन परिक्षेत्र कवर्धा सामान्य और पंडरिया पश्चिम में अवैध लकड़ी परिवहन पर कार्रवाई की गई। प्रकरण पंजीबद्ध कर लकड़ी और वाहन जब्त किए गए। जब्त वाहनों को राजसात करने की प्रक्रिया जारी है। वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने बताया कि मंगलवार को कवर्धा परिक्षेत्र के सरोधा वनवृत्त अंतर्गत झंडी परिसर कक्ष क्रमांक पीएफ 320 में अवैध रूप से ले जाए जा रहे सागौन के चार लट्ठे कुल 0.599 घन मीटर लकड़ी और एक स्कॉर्पियो जब्त की गई। इसी तरह, पंडरिया पश्चिम वन परिक्षेत्र में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों में चोरी-छिपे जंगल से लकड़ी लाकर इस्तेमाल किए जाने की सूचना मिली। जिस पर 23 मार्च की रात ग्राम पुटपुटा से सेंदूरखार मार्ग पर डोकरी घटिया के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली में ईंट भट्टे के लिए ले जाई जा रही जलाऊ लकड़ी पकड़ी गई। वन कर्मियों ने ट्रैक्टर और ट्रॉली को लकड़ी सहित जब्त कर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20759/04 दर्ज किया। आरेापियों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है। जब्त वाहन को राजसात करने का प्रस्ताव भेजा गया है।


