अमृतसर| अमृतसर के स्टालवार्ट्स वर्ल्ड स्कूल ने शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट द्वारा नई दिल्ली के इंडियन हैबिटेट सेंटर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान स्कूल को प्रतिष्ठित ‘ग्रीन स्कूल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि देश भर के मात्र 5% से भी कम स्कूलों को यह गौरव प्राप्त हुआ है। यह सम्मान स्कूल द्वारा अपनाई गई सस्टेनेबिलिटी और इको-फ्रेंडली जीवनशैली के लिए दिया गया है। विद्यालय की प्रधानाचार्या मनीषा धानुका ने बताया कि स्कूल में एक समर्पित ‘पर्यावरण संरक्षण टीम’ कार्यरत है। यह टीम विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों के सही उपयोग और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी का बोध कराती है।


