स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम के तहत धौलपुर के महात्मा गांधी राजकीय स्कूल के स्टूडेंट्स ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दौरा किया। यह कार्यक्रम केंद्रीय गृह मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय की एक संयुक्त पहल है। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा ने छात्रों से व्यक्तिगत मुलाकात की और कार्यक्रम के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और छात्रों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध स्थापित करना है। साथ ही छात्रों में ईमानदारी, मेहनत और लगन जैसे मूल्यों को विकसित कर उन्हें आदर्श नागरिक बनाना है। कार्यालय के निजी सहायक श्री अंकुर कौशिक, कानिस्टेबल चंद्रकांत, कानिस्टेबल बनवारी लाल और कनिष्ठ सहायक पिंटू कुमार ने छात्रों को विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कराया। इस दौरान छात्रों को पुलिस की कार्यप्रणाली, यातायात नियम, सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आत्मरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्कूल के उप प्रधानाचार्य अनिल शर्मा, शिक्षक महेश प्रभाकर और वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अजय बघेल के साथ बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।


