अजमेर के फायसागर रोड स्थित पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय संख्या दो में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह नवरंग का आयोजन किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए और स्टूडेन्ट्स ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। स्टूडेन्ट्स को पुरस्कार वितरण किया। कार्यक्रम में बच्चों के पेरेंट्स ने भी भाग लिया। विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र कुमार देरान ने मुख्य अतिथि संजय यादव ( डी.आई.जी. सीआरपीएफ जी.सी.1) व विशिष्ट अतिथि श्रीराम मीणा(कमांडेड सीआरपीएफ जी.सी.2), सपना देरान (सम्मानित अतिथि) को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। प्राचार्य द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत किया गया और विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन सबके सामने रखा। विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा समूह नृत्य, वेस्टर्न डांस, संस्कृत नाटक नव स्टार्ट अप, नृत्य नाटिका, भांगड़ा, महाभारत थीम डांस, फ्यूजन डांस थीम,डांस मणिकर्णिका आदि अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि और प्राचार्य ने विद्यालय में खेल और शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया और सर्वश्रेष्ठ परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि संजय यादव ने कहा कि लक्ष्य तय करके ही विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई करनी चाहिए। जिसका लक्ष्य निर्धारित नहीं होता उसको मंजिल नहीं मिलती है। इसलिए लक्ष्य के साथ कठिन परिश्रम कर पढ़ाई की जाए तो सफलता स्वतः: ही मिल जाती हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन शंकर लाल माली, योगेंद्र कुमार शर्मा और भारती परमार के सहयोग से विद्यालय के विद्यार्थी राशि और हितेन ने किया।कार्यक्रम के अंत में दीप्ति पाराशर द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


