भास्कर न्यूज|रामगढ़ सोतोकान कराटे डू फेडरेशन ऑफ इंडिया की कुजू शाखा के सात खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर 3 स्वर्ण, 2 रजत व 6 कांस्य पदक जीता है। रांची खेलगांव के हरिवंश टाणा भगत इनडोर स्टेडियम में तीन दिवसीय झारखंड स्टेट सब जूनियर, कैडेट एंड जूनियर कराटे चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। यहां तीन दिवसीय कराटे प्रतियोगिता में झारखंड राज्य से 550 कराटे खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें कुजू कराटे प्रशिक्षण केंद्र के सात खिलाड़ियों ने रामगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व कर अलग अलग वजन व आयु वर्ग में अपने कराटे कौशल का प्रदर्शन किया। कुल 11 पदक पर अपना कब्जा जमाया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नैन्सी सिंह ने कुमिते स्पर्धा में स्वर्ण पदक व काता स्पर्धा में कांस्य, नैतिक वत्स ने कुमिते स्पर्धा में स्वर्ण पदक व काता स्पर्धा में कांस्य, मान्या सिंह ने कुमिते स्पर्धा में स्वर्ण पदक व काता स्पर्धा में कांस्य, स्वयं ने काता स्पर्धा में रजत व कुमिते स्पर्धा में कांस्य, सुनिस्का सेन कुमिते स्पर्धा में रजत, प्रीति रक्षित कुमिते स्पर्धा में कांस्य व सौरव सिंह ने कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। कुजू के इन तीन स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी नैन्सी सिंह, नैतिक वत्स और मान्या सिंह का चयन देहरादून में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किया गया है। यह जानकारी देते हुए कुजू कराटे प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक सुमित कुमार ब्लैक बेल्ट थर्ड डान ने कहा कि कुजू पब्लिक हाई स्कूल के मैदान में वर्षों से कराटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।


