भास्कर न्यूज |झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर स्वर्ण जयंती स्टेडियम में पंच गौरव में शामिल बॉस्केटबॉल खेल एकेडमी में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए 27.5 लाख रुपए का बजट जारी हुआ है। दरअसल राज्य सरकार ने प्रदेश में 41 खेल एकेडमी की घोषणा की थी। इसके तहत जिला मुख्यालय स्थित स्वर्ण जयंती स्टेडियम में बास्केटबॉल एकेडमी की सौगात मिली थी। अब इसके लिए 27.5 लाख रुपए जारी किए गए है। इससे बॉस्केटबॉल के दो कोर्ट, पैवेलियन का विकास किया जाएगा। जिला स्तरीय बॉस्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। खिलाड़ियों को कोचिंग के लिए संसाधन मुहैया कराए जाएंगे। अभी तक बॉस्केटबॉल खिलाड़ियों को खेल संसाधन की कमी हो रही है। सरकार की ओर से बजट जारी होने के बाद बॉस्केटबॉल खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं मिलेगी। जिला खेल अधिकारी राजेश ओला ने बताया कि बॉस्केटबॉल एकेडमी में खेल संसाधनों के विस्तार के लिए सरकार से 27.5 लाख रुपए का बजट मंजूर हुआ है। जल्द ही खेल सुविधाएं जुटाई जाएगी। खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग के साथ ही जिला स्तरीय बॉस्केटबॉल प्रतियोगिता जैसे आयोजन किए जाएंगे। सरकार ने बॉस्केटबॉल एकेडमी की घोषणा कर दी थी, बजट नहीं मिलने से खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग कर रहे थे। अब बजट जारी होने से खेल सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। खिलाड़ियों को निशुल्क कोचिंग मिलेगी।


