चकरभाठा| भोजपुरी टोल प्लाजा पर काम कर रहे स्थानीय कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। आरोप है कि हाल ही में आए नए मैनेजर ने स्थानीय लोगों को नौकरी से निकालने की धमकी दी। कहा कि वह बाहर से अपने लोग बुलाकर काम कराएगा। कर्मचारियों ने बताया कि नए मैनेजर ने उन पर यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने पैसे देकर पहले के मैनेजर से नौकरी ली थी। इससे कर्मचारी नाराज हैं। उनका कहना है कि उन्हें चाय, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं दी जा रहीं। सबसे बड़ा आरोप यह है कि पुराने मैनेजर को बिना किसी सूचना के हटा दिया गया। अब कहा जा रहा है कि ऊपर से आदेश आने के बाद ही कुछ बताया जाएगा। स्थानीय लोगों की मांग है कि पुराने मैनेजर को फिर से बहाल किया जाए। साथ ही स्थानीय लोगों को नौकरी में प्राथमिकता दी जाए। चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे।


