भास्कर न्यूज | अमृतसर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के हैड ग्रंथी ज्ञानी रघबीर सिंह ने स्पेन सरकार के जस्टिस, रिलीजियस एवं डेमोक्रेटिक अफेयर्स मंत्री रेमन एस्पाडेलर के आमंत्रण पर उनसे मुलाकात की। मीटिंग के दौरान ज्ञानी रघबीर सिंह ने सिख समुदाय को दरपेश समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सिखों की धार्मिक आजादी, पगड़ी और ककारों से जुड़े मुद्दे, सिख धर्म की अलग धार्मिक पहचान, रोजगार और सोशल लाइफ में आने वाली मुश्किलों का ज़िक्र करते हुए कहा कि ये मुद्दे सिर्फ एक देश तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि कई देशों में सिखों को आज भी इन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। स्पेन के न्याय मंत्री रेमन एस्पाडेलर ने ज्ञानी रघबीर सिंह की बात ध्यान से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि स्पेन में रहने वाले सिखों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्पेन की सरकार धार्मिक आज़ादी और लोकतांत्रिक मूल्यों में पूरी तरह विश्वास करती है और हर धर्म के मानने वालों को सम्मान और बराबरी का अधिकार दिलाने को प्रतिबद्ध है। इस मौके पर ज्ञानी रघबीर सिंह ने मंत्री रेमन एस्पाडेलर को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब जी आने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब न सिर्फ सिखों के लिए बल्कि पूरी इंसानियत के लिए शांति, सेवा और भाईचारे का केंद्र है। मंत्री एस्पाडेलर ने न्यौता स्वीकार कर लिया और सही समय पर भारत आने की इच्छा जताई।


