भास्कर न्यूज | कोरबा स्याहीमुड़ी से रामनगर के लिए एचटीपीपी कॉलोनी से होकर आवाजाही बंद नहीं होगी। एचटीपीपी कोरबा पश्चिम संयंत्र प्रबंधन ने मलबा डालकर मार्ग को बाधित कर दिया था। इसके बाद ग्रामीणों का विरोध सामने आया। क्षेत्रवासियों ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से मिलकर मार्ग अवरूद्ध करने से होने वाली परेशानी से अवगत कराया। पूर्व मंत्री अग्रवाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रबंधन के अधिकारियों से सकारात्मक चर्चा के बाद स्याहीमुड़ी से रामनगर के लिए एचटीपीपी कॉलोनी से आवाजाही बंद नहीं होगी। इस पर प्रबंधन ने सहमति जताई है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रबंधन ने लगभग 6 फीट चौड़ा मार्ग खोलने का निर्णय लिया है। ताकि लोगों की आवाजाही सामान्य रूप से हो सके। पूर्व मंत्री अग्रवाल के सकारात्मक पहल के परिणाम स्वरूप मुख्य अभियंता हेमंत सिंह व अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पांडेय ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्ग खोलने पर सहमति जताई है। इस निर्णय से स्याहीमुड़ी, रामनगर, राजीव नगर व डाड़पारा के लोगों को राहत मिलेगी। पूर्व मंत्री अग्रवाल ने कहा कि वे वास्तव में लोगों के सेवक हैं। इनकी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़े रहते है। मार्ग बंद नहीं होने पर क्षेत्रवासियों को आवाजाही में राहत मिलेगी। इस मौके पर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश राठौर, प्रदेश कांग्रेस सचिव विकास सिंह, ब्लाक अध्यक्ष पालूराम साहू, राजेंद्र तिवारी, युवा जिलाध्यक्ष राकेश पंकज, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, पार्षद सुखसागर निर्मलकर, रवि चंदेल, पूर्व पार्षद मस्तुल सिंह कंवर, रोपा तिर्की, अघन बाई कंवर, जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुधीर जैन, रेखा त्रिपाठी, आशीष अग्रवाल, सुरेन्द्र यादव समेत अन्य उपस्थित थे।


