स्याही-कांड वाले भाजपा नेता की पिटाई को लेकर आक्रोश:क्षत्रिय एकता मंच मेवाड़ का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन; 7 मांगें रखीं

राजसमंद में सड़क नामकरण विवाद में आयुक्त-सभापति पर स्याही फेंकने वाले युवक की पिटाई से नाराज क्षत्रिय एकता मंच मेवाड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। मंच के लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर की गई कार्रवाई से भी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारी 100 फीट रोड से रैली के रूप में कलेक्ट्री पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस-प्रशासन, नगर परिषद आयुक्त और स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने कलेक्ट्री के गेट नंबर 1 के बाहर ज्ञापन रखा और कलेक्टर को बाहर आकर ज्ञापन लेने की मांग की। इसके बाद कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने ज्ञापन लिया। कलेक्टर ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, लेकिन प्रदर्शनकारी नगर परिषद आयुक्त व कर्मचारियों को त्वरित निलंबित करने की मांग पर अड़ गए। नारेबाजी बढ़ने पर कलेक्टर अपने कक्ष में लौट गए और वार्ता करने को कहा। इसके बाद प्रतिनिधि मंडल कलेक्ट्री की पहली मंजिल पर पहुंचा। जहां आयुक्त व कर्मचारी को निलंबित करने, भाजपा नेता भरत दवे व मंगल सिंह के खिलाफ दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच करने, मारपीट के आरोपियों को गिरफ्तार करने सहित कुल सात मांगें रखी गईं। कलेक्टर ने निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता महेंद्र सिंह, एडवोकेट भरत पालीवाल, अरविंद सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डीएसपी नेत्रपाल सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *