नीमच में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने स्लीपर बस की तलाशी में अफीम और लाखों रुपए की नकदी बरामद की है। इस तस्करी के आरोप में बस के ड्राइवर और क्लीनर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को कार्रवाई की जानकारी दी है। ब्यूरो को गुप्त सूचना मिली थी कि नीमच से जोधपुर जाने वाली ‘कल्पना ट्रैवल्स’ की बस में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए CBN नीमच की विशेष टीम ने 3 जनवरी की रात जावद-नयागांव टोल प्लाजा पर घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध बस वहां पहुंची, उसे रोककर उसकी बारीकी से तलाशी शुरू की गई। ड्राइवर केबिन के पास पैकेटों में मिली 14.815 किलो अफीम जांच के दौरान टीम को ड्राइवर केबिन में एक खास जगह छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की थैली मिली। जब इसे खोलकर देखा गया, तो उसमें पीले रंग की टेप से लिपटे कई पैकेट निकले। इन पैकेटों के अंदर 14.815 किलोग्राम अवैध अफीम भरी हुई थी। नारकोटिक्स विभाग ने ड्रग्स को कब्जे में लेकर बस को भी जब्त कर लिया है। तस्करी के ढाई लाख रुपए और बस भी जब्त अफीम के साथ-साथ बस के स्टीयरिंग के पास से 2.5 लाख रुपए नकद भी बरामद हुए हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह पैसा नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त से कमाया गया था। पकड़े गए ड्राइवर और क्लीनर के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस सोमवार को इस मामले का खुलासा करते हुए नारकोटिक्स अधिकारियों ने बताया कि यह अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है। ब्यूरो को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ में तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का पता चल सकता है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।


