स्वच्छता सर्वेक्षण पर कार्यशाला, जल सहियाओं को दी गईं जिम्मेदारियां

भास्कर न्यूज | दुमका पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या-02, दुमका के तत्वावधान में गुरुवार को जामा प्रखंड सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत स्वच्छता सर्वेक्षण – 2025 से संबंधित एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यपालक अभियंता की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में प्रखंड की सभी जल सहिया दीदियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यपालक अभियंता ने अपने संबोधन में सभी जल सहियाओं को स्वच्छता सर्वेक्षण को सफल बनाने हेतु महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सबसे पहले सभी जल सहियाओं को अपने मोबाइल फोन पर एसएसजी-2025 ऐप डाउनलोड कर स्वयं स्वच्छता सर्वेक्षण फीडबैक देने को कहा। इसके उपरांत, जल सहिया दीदियों को अपने-अपने गांव के हाट-बाजारों, स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाकर तथा सभी ग्रामीणों को स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2025 फीडबैक देने के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करने का आह्वान किया।इसके अतिरिक्त, उन्होंने जल सहियाओं को अपने-अपने गांवों में छूटे हुए शौचालयों के लाभार्थियों के आधार कार्ड और बैंक खाता विवरण जिला कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया, ताकि उन लाभार्थियों के लिए शौचालयों की स्वीकृति सुनिश्चित की जा सके। कार्यशाला में जिला समन्वयक ब्रजेश कुमार ने स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2025 के मुख्य बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने सभी जल सहिया दीदियों को झारजल ऐप के माध्यम से किए गए कार्यों को ऐप पर कैसे अपलोड करना है, इसकी मोबाइल के माध्यम से जानकारी दी। साथ ही, जल स्रोतों की जल जांच को डब्ल्यूक्यूएमआईएस पोर्टल पर ऑनलाइन करने का तरीका भी सभी जल सहियाओं को मोबाइल पर लाइव करके सिखाया गया। कनीय अभियंता अमित कुमार ने जलापूर्ति योजनाओं के रख-रखाव और इन योजनाओं को ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को हैंडओवर करने के संबंध में विशेष रूप से चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी प्रदान की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *