स्वच्छता सर्वेक्षण; सुपर स्वच्छ लीग में अंबिकापुर नगर निगम प्रथम:राष्ट्रपति के हाथों 17 को मिलेगा पुरस्कार, पिछले वर्ष मिली थी 27 वीं रैंकिंग

स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम अंबिकापुर ने अपनी खोई पहचान वापस हासिल कर ली है। भारत सरकार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के तहत जारी सुपर स्वच्छ लीग के परिणाम में अंबिकापुर नगर निगम को अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान मिला है। सुपर स्वच्छता लीग में शामिल शहरों को 17 जुलाई को दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। सुपर स्वच्छ लीग एक विशेष लीग है जो स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत स्वच्छता और सफाई मानकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को मान्यता देने के लिए शुरू की गई है। अपने पिछले एवं वर्तमान स्वच्छ सर्वेक्षण रैंकिंग के आधार पर असाधारण प्रदर्शन करने वाले शहर वर्ष 2024 के लिए इस लीग का हिस्सा बन गए हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में अतिरिक्त मानदंडों के आधार पर निकायों का मूल्यांकन किया था। इसमें पुनः अपने श्रेणी ( 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या वाले शहर) में अंबिकापुर को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ है। क्या है स्वच्छता सुपर लीग
सुपर स्वच्छ लीग में शहरों के बीच कोई रैंकिंग नहीं होगी। सुपर स्वच्छ लीग में शामिल नगरों को इस क्लब में बने रहने हेतु आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में कम से कम 85ः अंक प्राप्त करना होगा। इस लीग में शामिल रहने के लिए नगर को स्वच्छ रखना होगा, अन्यथा शहरों को लीग से बाहर कर दिया जाएगा। 17 जुलाई को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
17 जुलाई को विज्ञान भवन नई दिल्ली में पुरस्कार वितरण समारोह हेतु अंबिकापुर नगर निगम को आमंत्रित किया गया है। इसमें राष्ट्रपति के हाथों स्वच्छता लीग में शामिल शहरों को सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार प्राप्त करने के लिए अंबिकापुर निगम की महापौर मंजूषा भगत के साथ निगम के आयुक्त डीएन कश्यप दिल्ली जाएंगे। इसी दिन स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के परिणाम एवं शहरों की रैंकिंग भी जारी कर दी जाएगी। एक वर्ष पूर्व 27 वें स्थान पर था अंबिकापुर
वर्ष 2023 के स्वच्छता सर्वेक्षण में अंबिकापुर नगर रैंकिंग में पिछड़ गया था। अंबिकापुर की 5 स्टार रैेंकिंग गिरकर 3 स्टार हो गई थी। अपनी श्रेणी में अंबिकापुर को 27 वां स्थान मिला था। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 की तैयारी एवं नगर स्वच्छता के सुदृढ़ीकरण हेतु अंबिकापुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर कार्य किया गया। स्थानीय प्रशासन की मदद से स्वच्छता के संसाधन भी बढ़ाए गए। शहर की सड़कों एवं नालियों का काम हुआ, जिसके कारण स्वच्छता लीग में अंबिकापुर को जगह मिली है। महापौर बोलीं-सभी के सहयोग से वापस मिला सम्मान
अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि सभी के सहयोग से अंबिकापुर की खोई पहचान वापस मिली है। इसके लिए जनता, स्वच्छता दीदियों एवं नगर निगम की टीम बधाई की पात्र है। आने वाले समय में हम और बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *