स्वच्छता सर्वे…:रायपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर सहित 7 छोटे व मंझोले शहरों को राष्ट्रीय पुरस्कार

स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर के अलावा कुम्हारी, बिल्हा, पाटन और विश्रामपुर जैसे छोटे व मंझोले शहरों ने बाजी मारी है। आबादी के हिसाब से अलग-अलग श्रेणी में इन शहरों ने अच्छी रैंकिंग हासिल की है। नई दिल्ली में 17 जुलाई को स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन सात नगरीय निकायों को स्वच्छता के निर्धारित मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित करेंगी। इस दौरान रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य स्तर पर श्रेष्ठ कार्यों के लिए केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा मिनिस्ट्रियल अवार्ड से नवाजा जाएगा। तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बिल्हा और कुम्हारी को प्रेसिडेंट्स अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। बिलासपुर नगर निगम को तीन से दस लाख आबादी वाले बड़े शहरों की श्रेणी में इस अवार्ड के लिए चुना गया है। कुम्हारी नगर पालिका को 20 हजार से 50 हजार आबादी वाले छोटे शहरों तथा बिल्हा नगर पंचायत को 20 हजार से कम आबादी वाले अत्यंत छोटे शहरों की श्रेणी में यह सम्मान दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित सातों नगरीय निकायों को बधाई दी है। सुपर स्वच्छता लीग की विशेष श्रेणी में 3 शहरों का चयन
सफाई के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन करने वाले शहरों के लिए सुपर स्वच्छता लीग(एसएसएल) नाम की विशेष श्रेणी की शुरुआत की गई है। इसमें वे शहर शामिल हैं, जो पिछले तीन साल में कम से कम एक बार शीर्ष तीन में स्थान प्राप्त कर चुके हैं। इसके अलावा इस साल भी अपनी संबंधित जनसंख्या श्रेणी में शीर्ष 200 में स्थान बनाए हुए हैं। इस नई केटेगरी में अंबिकापुर, पाटन और बिश्रामपुर नगर पंचायत को चुना गया है। अंबिकापुर नगर निगम को 50 हजार से तीन लाख, पाटन तथा बिश्रामपुर नगर पंचायत को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में चुना गया है। हमारे लिए गर्व की बात
सात नगरीय निकायों का स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना गर्व की बात है। यह नगरीय प्रशासन, स्थानीय निकायों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। बिलासपुर, कुम्हारी, बिल्हा, रायपुर, अंबिकापुर, पाटन और बिश्रामपुर जैसे शहरों ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह अन्य निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।
-विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *