स्वच्छता हम सभी की जिम्मेदारी, सामूहिक प्रयास से लोहरदगा को बनाना है अव्वल

भास्कर न्यूज|लोहरदगा स्वच्छता ही सेवा-2025 अंतर्गत रविवार को भंडरा प्रखंड के पझरी पहाड़ से बीएस कॉलेज स्टेडियम लोहरदगा तक दौड़ का आयोजन जिला जल व स्वच्छता समिति द्वारा आयोजित किया गया। बीएस कॉलेज स्थित स्टेडियम में दौड़ के समापन पर उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि आज स्वच्छता के लिए हम सभी को आगे आना चाहिए। सामूहिक प्रयास से ही हम स्वच्छता को कायम रख सकते हैं। इसके लिए हम में से प्रत्येक को सप्ताह में अपने घर व आसपास की सफाई के लिए 2 घंटे या वर्ष में सौ घंटे समय देना होगा। अगर हम सभी इस दिशा में प्रयास करेंगे तो निःसंदेह लोहरदगा जिला देश के सबसे साफ-सुथरे जिलों में एक होगा। हमें लोहरदगा जिला को देश के सबसे साफ-सुथरे अव्वल जिलों में शामिल कराना है। उपायुक्त ने मैराथन में प्रथम दस स्थानों में रहने वाले विजेता प्रतिभागियों को मेडल, कप व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व दौड़ की शुरुआत में भंडरा प्रखंड के पझरी पहाड़ के पास से की गई। मुख्य पथ में पदाधिकारियों ने झाड़ू लगा कर स्वच्छता का संदेश दिया। उपायुक्त ने कार्यक्रम में कहा कि आज आप सभी ने मिलकर स्वच्छता का जो दीपक जलाया है, वह जलते रहना चाहिए। इस दौड़ का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता की भावना को जगाना है। हमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करना है। हमें अपने मन की स्वच्छता के ऊपर में भी काम करना चाहिए। कार्यक्रम में डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि अगर हम सभी अपने घर की भांति अपने घर के आसपास भी साफ-सफाई रखें तो कई प्रकार को बीमारियों को दूर भगाया जा सकता है। हमें हर दिन अपने घर के आसपास की जगह को साफ-सुथरा रखना चाहिए। कार्यक्रम के आयोजन में अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, पीएचईडी कार्यपालक अभियंता अनुप हांसदा, जिला खेल पदाधिकारी उपवन बड़ा, बीडीओ प्रतिमा कुमारी, थाना प्रभारी भंडरा, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक परवेज आलम आदि का प्रमुख योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत मे सभी पदाधिकारियों ने सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *