स्वतंत्रता दिवस . कार्यक्रम को लेकर डीसी ने की बैठक, सभी तैयारियां 13 अगस्त पूरी करने का निर्देश

भास्कर न्यूज | सरायकेला स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों से संबंधित सभी पहलुओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इसमें मुख्य समारोह स्थल बिरसा मुंडा स्टेडियम, समाहरणालय व अन्य प्रमुख स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, स्टेडियम का समतलीकरण व स्टोन डस्ट बिछाने, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई व रंग-रोगन, साउंड सिस्टम, मंच की सजावट, प्रकाश व्यवस्था, कैमरा व वीडियोग्राफी, प्रभातफेरी, परेड पूर्वाभ्यास, राष्ट्रीय गान, माल्यार्पण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चिकित्सा व्यवस्था, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, विधि व्यवस्था, निमंत्रण पत्र वितरण व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल थीं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण की जाएं, ताकि जिलेभर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हर्षोल्लास व गरिमा के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुरूप ध्वजारोहण सुनिश्चित करने, सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम की तैयारी समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने व नगर निकायों को विशेष सफाई अभियान चलाकर 13 अगस्त तक सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश िदया। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मियों की सूची तैयार की जाए, जिन्हें 15 अगस्त को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन संपूर्ण जिले में ड्राई डे का पालन सख्ती से कराया जाए। इस दिन सभी कसाईखाने, मांस-मछली की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी। संबंधित थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व अनुमंडल पदाधिकारी इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं व जनसहभागिता से जुड़े सभी बिंदुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश प्रदान किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *