15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश के सभी मस्जिद, दरगाह और मदरसों में तिरंगा फहराया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने यह आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि इस साल 15 अगस्त को देश में 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्य के सभी मस्जिद, मदरसा और दरगाह के मुख्य द्वारों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज ने अपील की है कि मुल्क की आजादी का पर्व यौमे आज़ादी -स्वतंत्रता दिवस के महत्व को समझते हुए इस पर्व को देशभक्ति, आपसी एकता और भाईचारे के साथ मनाएं। डॉ राज ने कहा कि, हमारा देश सूफ़ी-संतों का देश है। यहां हर जाति, धर्म, पंथ, समाज के लोग गंगा-जमुनी तहज़ीब के साथ मिल-जुल कर रहते हैं। इस्लाम धर्म मुल्क से मोहब्बत का पैगाम देता है इसलिए मुल्क की आजादी के इस पर्व पर देश के प्रति अपना प्रेम और कर्तव्य निभाते हुए ध्वजारोहण करना चाहिए। डॉ. राज ने कहा कि जो लोग ध्वजारोहण के खिलाफ हैं वो देशभक्त नहीं हैं बल्कि देशद्रोही हैं। ऐसे लोगों को देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है।


