छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बाइकर्स ने स्वतंत्रता दिवस पर जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने SECL कॉलोनी और मानिकपुर चौकी क्षेत्र में बाइक की साइलेंसर से जमकर पटाखे फोड़े। इस मामले में 8 युवक को पकड़ा गया है। वहीं अब सोशल मीडिया पर बाइकर्स के उत्पात मचाने का वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल, घटना उस समय हुई जब एसपी सिद्धार्थ तिवारी, कलेक्टर अजीत वसंत और वन विभाग के अधिकारी आत्मानंद स्कूल में एक कार्यक्रम में मौजूद थे। हेलीपैड के पास पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान बाइकर्स ने जमकर पटाखे फोड़े। जिसकी भनक लगते ही अधिकारियों ने फौरन कार्रवाई के निर्देश दिए। देखिए पहले ये तस्वीर… 8 बाइकर्स पकड़ाए, सभी के बाइक जब्त जब पुलिस, वनकर्मी मौके पर पहुंचे तो सभी बाइकर्स इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर 8 युवकों को पकड़ा और उनकी बाइकें भी जब्त की। सभी को मानिकपुर चौकी ले जाया गया है और उन पर कार्रवाई की जा रही है। जानिए कॉलोनी के लोगों ने क्या कहा? इधर, कॉलोनी के लोगों का कहना है कि बाइकर्स रोज उत्पात मचाते हैं। मना करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देते हैं। वहीं मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पकड़े गए बाइकर्स पर कार्रवाई की गई है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। जिले के थाना-चौकियों और यातायात विभाग की ओर पहले से ही तेज रफ्तार बाइक और पटाखा फोड़ने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। ……………………….. इससे जुड़ी यब खबर भी पढ़ें… कोरबा में झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर पुलिस का एक्शन:शराब पीते युवक और बाइकर्स गिरोह पकड़े, पुलिस ने चालान के साथ उठक-बैठक भी कराई कोरबा जिले के झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर रविवार को भारी भीड़ के बीच कुछ युवकों द्वारा शराब पीने और उत्पात मचाने की घटनाएं सामने आई थी। इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने बिना नंबर प्लेट, तेज़ साइलेंसर और हुड़दंग करते हुए बाइक चलाने वाले 20 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। पढ़ें पूरी खबर…


