भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर नॉर्थ हलके से भाजपा नेता अक्षय शर्मा की अगुवाई में ‘रन फॉर स्वदेशी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा नेता तरनजीत सिंह संधू ने भी पहुंच कर समारोह में साथ दिया। लॉरेंस रोड स्थित डी-मार्ट से आरंभ हुई यह दौड़ कंपनी बाग तक पहुंची, जिसमें शहर के युवाओं, विद्यार्थियों, कारीगरों, महिलाओं, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। पूरा मार्ग देशभक्ति और स्वदेशी के नारों से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अक्षय शर्मा ने कहा कि भारत की असली ताकत उसके हाथों का हुनर है। छोटे कारीगर, हस्तशिल्पी, बुनकर और लघु उद्यमी ही आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि जब तक हम अपने देश में बनी वस्तुओं को गर्व से नहीं अपनाएंगे, तब तक आर्थिक आज़ादी का सपना अधूरा रहेगा। स्वदेशी केवल एक विचार नहीं, बल्कि देश की समृद्धि का मूल मंत्र है। अक्षय शर्मा ने कहा कि विदेशी उत्पादों के अंधाधुंध उपयोग से स्थानीय उद्योग कमजोर होते हैं, जबकि स्वदेशी अपनाने से रोज़गार के अवसर बढ़ते हैं और नई पीढ़ी को अपने हुनर पर भरोसा मिलता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को अपनी पहली पसंद बनाएं और डिजिटल माध्यमों से भी स्वदेशी अभियान को आगे बढ़ाएं। कई कारीगर अपने हाथों से बने उत्पाद लेकर पहुंचे, जिनकी प्रदर्शनी भी लगाई गई, ताकि आम लोग स्वदेशी वस्तुओं की गुणवत्ता को करीब से देख सकें। इस अवसर पर पूर्व पार्षद पप्पू महाजन, विक्रांत शोरी, सहजप्रीत आदि मौजूद थे।


