कैट व्यापारिक संगठन और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा देशभर में भ्रमण कर रही है। विदेशी सामान के बहिष्कार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फ़ॉर वोकल’ संकल्प को जन-आंदोलन बनाने के लिए प्रेरित कर रही है। रथ यात्रा 14 दिसंबर को शाजापुर पहुंचेगी। इसके मुख्य आकर्षणों में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन, स्वदेशी संदेशों से जुड़ी सामग्री और जन-जागरूकता प्रस्तुतियां शामिल होंगी। इससे पहले सोमवार को रेस्ट हाउस टंकी चौराहे पर एक संयुक्त बैठक आयोजित कर यात्रा की तैयारियों और शपथ विधि पर चर्चा की गई। कैट और स्वदेशी जागरण मंच ने व्यापारियों और आमजन से इस स्वदेशी अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। शाजापुर नगर में रथ का स्वागत विधायक अरुण भीमावत के नेतृत्व में होगा। रथ टंकी चौराहा, धोबी चौराहा, महुपुरा, नदी चौराहा, धान मंडी, किला रोड, छोटा चौक, बड़ा चौक और नई सड़क से होते हुए राजराजेश्वरी माता मंदिर परिसर पहुंचेगा। यहां एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया जाएगा। यह स्वदेशी संकल्प रथ 14 दिसंबर को शाजापुर जिले में प्रवेश करेगा। रथ कालापीपल तहसील से होते हुए सुजालपुर, अकोदिया और बेरछा मार्ग से शाम 4 बजे शाजापुर पहुंचेगा। कालापीपल में विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, कैट जिला अध्यक्ष संजय शिवहरे और स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ता रथ की अगवानी करेंगे। सुजालपुर में भी जनप्रतिनिधियों द्वारा इसका स्वागत किया जाएगा।


