बूंदी कलक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने डिस्ट्रिक्ट ई-गवर्नेंस सोसाइटी की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-मित्र के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाओं से जुड़े लंबित आवेदनों का शीघ्र और नियमित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आधार प्रमाणीकरण और अपडेट कार्यों के लिए आधार सेवा केंद्रों पर आमजन को सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर गोदारा ने आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित पांच गांवों में ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए वेलनेस प्रोग्राम की प्रगति का विस्तृत समीक्षा किया और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। पीएम स्वनिधि योजना के लंबित आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलवाने के निर्देश दिए गए। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को लंबित आवेदनों की बैंकवार सूची उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए। इसके अतिरिक्त, अनावश्यक रोड कटिंग रोकने के उद्देश्य से विभागों को संभावित साइटों की सूची तैयार कर नगर परिषद को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं कोटा–बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट में बिजली लाइन शिफ्टिंग, जीएसएस निर्माण, स्मार्ट मीटर प्रगति, मंगला पशु बीमा योजना और निशुल्क जांच योजना की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने एसडीआरएफ नॉर्म्स के तहत स्वीकृत मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा कर बजट रिलीज के लिए बिल भेजने के निर्देश भी दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता मुकेश गुप्ता, नगर परिषद आयुक्त धर्मेंद्र मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


