स्वयंसेवकों को सामाजिक दायित्वों के प्रति किया सजग:एनएसएस शिविर में ट्रैफिक नियमों और साइबर जागरूकता पर दिया जोर

डीडवाना के गवर्नमेंट बांगड़ कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. मनीषा गोदारा के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने स्वयंसेवकों को सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने और प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में लाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कॉन्स्टेबल शोभा ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पर सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के महत्व पर जोर दिया। इसी क्रम में महिला कॉन्स्टेबल सरिता ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर जानकारी दी और स्वयंसेवकों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी समझाए। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंतिमा अग्रवाल ने स्वयंसेवकों के लिए हाऊजी गेम का आयोजन किया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए यातायात सुरक्षा और साइबर जागरूकता से जुड़े संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुलदीप शर्मा, प्रो. आशीष जिंजवाडिया, डॉ. तृप्ति सिंघल सहित अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *