भास्कर न्यूज | धरतीपारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत अनुशंसित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 26 जनवरी को ग्राम पंचायत बरौल में उल्लास मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के उन वयस्कों को साक्षर बनाना था, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए थे। कार्यक्रम की शुरुआत उल्लास शपथ के साथ हुई। मेले में बुनियादी साक्षरता, संख्या ज्ञान और स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित स्टाल लगाए गए, जिनका संचालन स्वयंसेवी शिक्षकों और नवसाक्षरों द्वारा किया गया। नवसाक्षरों को अक्षरों की पहचान कराकर शब्द निर्माण तथा संख्या ज्ञान के लिए जोड़-घटाव की गतिविधियां कराई गईं। मेले का संचालन रामकुमार प्रजापति, सरवर सिंह, बिजेंद्र राजवाड़े, प्रतोष कुमार राजवाड़े, बंदलाल पंच, राम केशवर राजवाड़े, रामबिलास यादव और शिव नारायण राजवाड़े ने किया।


