शहर के स्वर्ण जयंती स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके लिए खेल विभाग ने दो प्रस्ताव तैयार किए हैं। पहला क्रिकेट का मैदान बनाने और दूसरा छोटे बच्चों के लिए खेल वाटिका तैयार करने का है। शहर में क्रिकेट की तैयारी के लिए बढ़िया मैदान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन नहीं हो रहे। साथ ही बच्चों में खेल के प्रति रूचि बढ़ाने के लिए खेल वाटिका तैयार कराई जाएगी। क्रिकेट मैदान बनाने को लेकर खेल विभाग और जिला क्रिकेट संघ के बीच सहमति बन चुकी है। जल्द ही इसका काम शुरू होगा। दूसरी ओर पंच गौरव योजना में बच्चों के लिए खेल वाटिका विकसित होगी। इसके लिए नगर परिषद के तकनीकी अधिकारियों की टीम स्टेडियम का निरीक्षण कर जायजा ले चुकी है। शहर के छोटे बच्चों के लिए खेल सुविधाओं का अभाव देखते हुए खेल विभाग स्वर्ण जयंती स्टेडियम में खेल वाटिका बनवाएगा। इसके लिए खेल विभाग ने नगर परिषद से सहयोग मांगा। नगर परिषद के एईएन रोहित कुमार जांगिड़ व अन्य तकनीकी अधिकारियों ने टीम ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। इसके साथ खेल वाटिका के स्थान तय करने के साथ संसाधनों को लेकर जानकारी ली। जिला खेल अधिकारी ने खेल वाटिका में खेल सुविधाओं के साथ बच्चों को योग्य प्रशिक्षक प्रशिक्षण भी देंगे। दर्शक दीर्घा भी बनाई जाएगी। खेल वाटिका तैयार होने में तीन माह का समय लगने की संभावना है।


