स्वर्ण व्यवसायी से लूट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने बिहार से दबोचा, 22 दिन बाद खुलासा; हंटरगंज थाना क्षेत्र में हुई थी वारदात

चतरा जिले की हंटरगंज थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए स्वर्ण व्यवसायी से लूट के मामले में दो शातिर अपराधियों को बिहार से गिरफ्तार किया है। यह घटना 22 दिन पहले हंटरगंज के गोसाडीह में हुई थी, जिसका सफल उद्भेदन पुलिस ने किया है। करीब 22 दिन पहले हंटरगंज थाना क्षेत्र के गोसाडीह स्थित गणपति पेट्रोल पंप के पास बिहार के शेरघाटी निवासी स्वर्ण व्यवसायी संतोष कुमार को अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर रोक लिया था। अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर उनके पास से सोने के जेवरात और नकदी लूट ली थी, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस टीम ने सीमावर्ती राज्य बिहार के गया जिले में दबिश दी और दो मुख्य अपराधियों को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, ये अपराधी हत्या, लूट और पुलिस पर हमले जैसी कई संगीन वारदातों में शामिल रहे हैं। गिरफ्तार मुख्य आरोपी संतोष चौधरी उर्फ ढकनी (50) गया जिले के मुफ्फसिल का रहने वाला है। उस पर हत्या, आर्म्स एक्ट और लूट जैसे 15 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। गया के विष्णुपद थाने में उसके खिलाफ हत्या (धारा 302) का मामला भी चल रहा है। दूसरा आरोपी सिकंदर रजक (40) भी गया के शेरघाटी और बोधगया क्षेत्र का शातिर अपराधी है। उस पर आर्म्स एक्ट और मद्यनिषेध के कई मामले दर्ज हैं। ये दोनों अपराधी गया जिले के विभिन्न थानों के लिए सिरदर्द बने हुए थे। छापेमारी टीम ने अपराधियों के पास से लूट में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *