गुरु मां स्वस्तिधाम प्रणेत्री गणिनी आर्यिका 105 स्वस्तिभूषण माताजी के मंगल सान्निध्य में श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र प्यावड़ी (पीपलू) में दो दिवसीय भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को कई कार्यक्रम हुए। जैन अतिशय क्षेत्र समिति प्यावड़ी के तत्वावधान में 23 जनवरी शुक्रवार को भव्य जिन मंदिर निर्माण को लेकर शिलान्यास किया गया। साथ ही गुरु मां स्वस्तिभूषण माताजी का 30वां दीक्षा महोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने के लिए टोंक, कोटा, जहाजपुर, जयपुर सहित देशभर से हजारों श्रद्धालु प्यावड़ी पहुंचे हैं। टोंक के पूर्व विधायक और पूर्व बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता अजीत सिंह मेहता भी पहुंचकर स्वस्तिभूषण माताजी का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में भव्य शोभायात्रा, महामंडल विधान का आयोजन है। आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी के निर्देशन में पंडित मनोज शास्त्री, कपिल भैया, दीपक आदि के द्वारा मंत्रोच्चार के साथ चंद्रप्रभु महामंडल विधान संपन्न हुआ। इस दौरान 115 अर्घ्य, 5 महाअर्घ्य एवं 5 जयमाला के अर्घ्य अर्पित किए गए। विधान में सोधर्म इंद्र-इंद्राणी सहित 200 से अधिक श्रावक-श्राविकाओं ने अर्घ्य चढ़ाए। इससे पूर्व विशाल मंगल जुलूस निकाला गया, जिसमें पांच घोड़ी, एक बग्गी पर पुण्यार्जक सवार थे। युवा ध्वज-पताकाएं लहराते हुए चल रहे थे, महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण किए हुए थीं तथा युवतियां नृत्य करती हुई शोभायात्रा में सम्मिलित हुईं। इनपुट:रवि विजयवर्गीय, पीपलू।


