भास्कर न्यूज | लोहरदगा पतंजलि योग समिति भारत स्वाभिमान जिला लोहरदगा के तत्वावधान में जिला कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक जिला प्रभारी प्रवीण कुमार भारती की अध्यक्षता में स्थानीय सुंदरी देवी सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई। मौके पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी ने कहा कि योग आयुर्वेद एवं योगानुकूल जीवनशैली ही स्वस्थ जीवन का आधार है। योगाभ्यास की निरंतरता एवं संयमित जीवनशैली अपनाए बिना तन मन की स्वस्थता की कल्पना बेकार है। इस बात को प्रत्येक व्यक्ति को समझना होगा कि हम अपनी जीवनशैली चाहे वह तन के स्तर पर हो या मन के स्तर पर उसको नियमित और संयमित करना होगा। पतंजलि योग समिति आगामी पच्चीस जुलाई से पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में करेगी जिसमें यम, नियम, आसन, प्राणायाम एवं ध्यान के अलावा स्वस्थ दिनचर्या, आहारचर्या एवं नियमित जीवनशैली कैसे अपना चाहिए उसका गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। समिति के संरक्षक एवं राज्य कार्यकारिणी सदस्य शिवशंकर सिंह ने प्रखंडों में प्रवास कर योग शिविर लगाने का आह्वान किया। समिति के प्रभारी अभय भारती ने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर में आमजनों को भाग लेकर लाभान्वित होना चाहिए। शिविर में प्रशिक्षण जिला प्रभारी, वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कृपा प्रसाद सिंह ने कहा कि योग में हरेक समूह को बांधने की क्षमता है। प्रशिक्षण प्रवीण भारती, शिवशंकर सिंह, दिनेश प्रजापति, अभय भारती, अंकित अग्रवाल, खुशी भारती आदि के द्वारा दिया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से दिनेश प्रजापति, वासुदेव प्रसाद, सुरेशचन्द्र पांडेय, कृपा प्रसाद सिंह, बीरेंद्र सिंह, सुबोध कुमार आदि उपस्थित रहे।


