स्वस्थ झुंझुनूं:नए साल में कचरा मुक्त शहर के लिए नगर परिषद पहल, 32 हजार घरों से डोर-टू-डोर उठेगा कचरा, आज से हुई शुरुआत

नए साल की पहली किरण के साथ ही झुंझुनूं नगर परिषद ने शहरवासियों को स्वच्छता का बड़ा तोहफा दिया है। 1 जनवरी से शहर के सभी 32 हजार घरों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का काम विधिवत रूप से शुरू हो गया है। अब न सड़कों पर कचरा दिखेगा और न ही गंदगी से होने वाली परेशानियां। 32 हजार घरों तक पहुंचेंगे ऑटो टिपर नगर परिषद ने शहर की स्वच्छता का जिम्मा एक निजी कंपनी को सौंपा है, जिसे 4.75 करोड़ रुपए का वर्क ऑर्डर दिया गया है। आज सुबह से ही कंपनी के ऑटो टिपर शहर के विभिन्न वार्डों में सक्रिय हो गए हैं। इस व्यवस्था के लागू होने से अब शहरवासियों को अपने घर का कचरा बाहर सड़कों या खाली प्लॉटों में फेंकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जीपीएस और स्कैनर से ट्रैकिंग इस नई व्यवस्था की सबसे खास बात है कि हर ऑटो टिपर के आने-जाने का समय ऑनलाइन दर्ज होगा। सभी टिपर जीपीएस सिस्टम से लैस हैं, जिससे उनकी लोकेशन पर रियल-टाइम नजर रखी जाएगी। हर गली में स्कैनर लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन करने के बाद ही टिपर आगे बढ़ेगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि कोई भी गली या मोहल्ला छूट न जाए। कचरे से बनेगी खाद, किसानों को होगा फायदा शहर से रोजाना लगभग 50 मीट्रिक टन कचरा निकलने का अनुमान है। नगर परिषद केवल कचरा उठाएगी ही नहीं, बल्कि इसका वैज्ञानिक निस्तारण भी करेगी। घरों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग संग्रहित किया जाएगा। एकत्रित किए गए कचरे को निस्तारण यूनिट में भेजकर उससे जैविक खाद बनाई जाएगी, जो स्थानीय किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। शिकायत के लिए 24 घंटे का कंट्रोल रूम प्रशासन ने जनता की सुविधा के लिए नगर परिषद में एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। यदि किसी क्षेत्र में कचरा संग्रहण गाड़ी नहीं पहुंचती है, तो नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इन शिकायतों का 24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचलिया ने बताया कि कार्य शुरु कर दिया गया है। झुंझुनूं नगर परिषद की यह पहल न केवल शहर को सुंदर बनाएगी, बल्कि प्रदूषण और बीमारियों को कम करने में भी मील का पत्थर साबित होगी। अब जिम्मेदारी शहरवासियों की है कि वे इस व्यवस्था में सहयोग करें और ‘स्वच्छ झुंझुनूं’ के सपने को सच करें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *