पुलिस ने तत्कालीन विधायक वाजिब अली के स्वागत कार्यक्रम में हथियार लहराकर डांस करने के गिरफ्तार आरोपी इंजमाम खान का पैदल हथियार बरामदगी के लिए पूर्व विधायक वाजिब अली के घर लेकर गई। जानकारी के अनुसार सीकरी पुलिस ने तीन साल पुराने मामले में रामसिंहपुर पालकी हाल सीकरी निवासी इंजमाम उर्फ इंजी उर्फ इंजू को गिरफ्तार किया था। इस मामले में हथियार बरामदगी के लिए पुलिस ने इसे एक दिन की रिमांड पर ले लिया। रिमांड के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि जो बंदूक उसने लहराई थी, वह पूर्व विधायक वाजिब अली के निवास पर है। इस पर एएसपी अखलेश शर्मा, डीएसपी मनोज गुप्ता और एसएचओ मुकेश चेची मयदल के आरोपी को थाने से मैन रोड पर पैदल पैदल जुलूस के रूप में घुमाते हुए वाजिब अली के घर ले गई। लेकिन यहां बंदूक बरामद नहीं हुई। इस पर पुलिस आरोपी इंजमाम को वापस थाने ले गई। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की कार्रवाई वर्ष 2022 में तत्कालीन विधायक वाजिब अली की मांग पर सरकार ने कई बजट घोषणाएं की थी। इसके बाद सीकरी कस्बे में उनका स्वागत कार्यक्रम रखा गया। इसी दौरान वाजिब अली के कार्यकर्ताओं ने हथियार लहराकर डांस किया था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी इंजमाम खान को गिरफ्तार किया था।


