भास्कर न्यूज | टोंक स्वामित्व योजना का जिलास्तरीय कार्यक्रम शनिवार को बमोर गेट स्थित कृषि ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 50 हजार से अधिक गांवों में संपत्ति मालिकों को स्वामित्व योजना के तहत 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरण कार्यक्रम में संबोधित किया। टोंक में राजस्थान सरकार के ऊर्जा विभाग व टोंक जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर के मुख्य आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। कार्यक्रम में 10 हजार 700 से अधिक लाभार्थियों को पट्टे व स्वामित्व कार्ड वितरित किया गया। कार्यक्रम के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में मंत्री नागर ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम के आगामी विधानसभा सत्र में सरकार को घेरने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वो क्या नहीं बोलने देगें, हमारे मंत्री ही विधानसभा में उन्हें नहीं बोलने देगे। साथ ही नरेश मीणा के समर्थन में प्रह्लाद गुंजल के हमलावर होने का जवाब देने की जगह किसकी बात कर रहे हो कहते हुए मंत्री निकल गए। इससे पहले जिलाप्रमुख सरोज बंसल, कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, सीईओ परशुराम धानका, एसीईओ ललित कुमार शर्मा, डीआईओ सुशील अग्रवाल, राज्य सफाई आयोग के पूर्व सदस्य दीपक संगत की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जामंत्री नागर ने स्वामित्व योजना को ग्रामीण भारत को सशक्त करने के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि योजना में आधुनिकतम ड्रोन तकनीक का उपयोग कर ग्रामीण परिवारों को रिकॉर्ड के रूप में उनके घर के पट्टे दिए जा रहे हैं। इससे संपत्ति के विवादों को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, लोगों को उनका वास्तविक अधिकार मिलेगा और संपत्ति का मालिकाना हक मिलने से ग्रामीण बैंकों व अन्य वित्तीय संस्थानों से ऋण ले पाएंगे। उन्होंने कहा कि टोंक जिले की 155 ग्राम पंचायतों एवं पंचायत समिति मुख्यालयों तथा जिला मुख्यालय पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिला प्रमुख सरोज बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वामित्व योजना की परिकल्पना रखी और इसमें टोंक जिले को लाभ मिल रहा है और ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह मील का पत्थर साबित हुई है। कार्यक्रम का संचालन कवि प्रदीप पंवार व व्याख्याता विमल जैन ने किया। राज्य के ऊर्जा एवं जिला प्रभारी मंत्री नागर ने कार्यक्रम के आखिर में ऑडिटोरियम में मौजूद लोगों को स्वच्छता व नशा मुक्ति की शपथ दिलाकर कहा कि आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने नशे से दूर रहकर सकारात्मक समाज के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें। इससे पहले मंत्री नागर ने कृषि ऑडिटोरियम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधे हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, इनकी रक्षा करना हमारा फर्ज है। केबिनेट मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि कांग्रेस की पूर्व सरकार के काले कारनामे के परिणाम हमें भुगतने पड़ रहे हैं। उन्होंने ऊर्जा विभाग को इतना घाटे में छोड़ा कि कर्ज नही देना चाहता। वही पूर्व उपमुख्यमंत्री व टोंक विधायक सचिन पायलट की ओर से कुछ दिन पूर्व टोंक दौरे में प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री को कंफ्यूज बताने व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की ओर से आगामी विधानसभा सत्र में विकास के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने के बयान पर तमकते हुए कहा कि वो क्या, हम उन्हें नही बोलने देंगे विधानसभा में। पिछले विधानसभा सत्र में भी नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली कुछ नहीं बोल पाये थे। इसके अलावा बिजली विभाग का निजीकरण करने के आरोपों पर कहा कि निजीकरण नही प्राईवेट सेक्टर के जरिए इसमें सुधार करवाया जा रहा है।


