भास्कर न्यूज | हजारीबाग राज्य मुख्यालय के निदेश पर हजारीबाग में बुधवार को जिला स्तरीय साथियां सम्मेलन का आयोजन किया गया। उपायुक्त नैंसी सहाय की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथिया की ओर से विगत वर्षों में किए गए कार्य एवं उपलब्धि, असंचारी रोग से बचाव, महावारी स्वच्छता प्रबंधन तथा युवाओं में बढ़ते नशा के रोकथाम पर लघु नाटिका प्रस्तुत की। सिविल सर्जन, हजारीबाग ने किशोर-किशोरियों एवं साथिया को स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूक होकर बेहतर कार्य करने पर जोर दिया। बताया गया कि साथिया एवं स्कूल हेल्थ एवं वैलनेस मैसेंजर के द्वारा आने वाले समय में विभिन्न स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्रों में किये जा रहे जागरूकता कार्य, लोगो को स्वास्थ्य संबंधित विषयों पर जोड़कर इसके बेहतर परिणाम को सामने लाने में सकारात्मक भूमिका परिलक्षित हुई है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में साथिया अपने कर्तव्यों के प्रति लगनशील होकर और बेहतर कार्य करें। जिला कार्यक्रम प्रबंधक, हजारीबाग के द्वारा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के विगत वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए यह बताया गया कि केन्द्र सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना किशोर-किशोरी वर्ग को जागरूक करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में बेहतर प्लेटफार्म है। यूनिसेफ के क्षेत्रीय समन्वयक संजीत कुमार ने किशोर-किशोरी वर्ग को आगे आकर शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिलकर बेहतर कार्य करने पर जोर दिया। सीथ्री के जिला प्रतिनिधि अभिनव कुमार ने जिले के विभिन्न विद्यालय में संचालित विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम में शिक्षक एवं विद्यार्थियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए इस कार्यक्रम की सफलता पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त यक्ष्मा उन्मूलन अभियान से संबंधित उपलब्धियों की जानकारी देते हुए जिला पी०पी०एम० कॉर्डिनेटर (यक्ष्मा), हजारीबाग के द्वारा साथिया को अपने-अपने गाँव एवं पंचायत में यक्ष्मा के मरीजों की खोज करवाकर उनके उचित इलाज करवाने संबंधित बिन्दुओं पर चर्चा की गई। इस कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी हजारीबाग, जिला आरसीएच पदाधिकारी हजारीबाग, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी हजारीबाग, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, कुपोषण उपचार केन्द्र, सदर अस्प्ताल, हजारीबाग के अलावा शिक्षा विभाग के शिक्षकगण, जिला कार्यक्रम प्रबंधन ईकाई के सदस्य, तन्नु मोर्या, प्रभारी जिला आरकेएस के समन्वयक, हजारीबाग, विभिन्न प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधन ईकाई के सभी सदस्य, आरकेएसके, बीटीटी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र सहित प्रखंडों से साथिया उपस्थित रहे।


