स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर चिरमिरी स्थित कोरिया कॉलरी में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार और आदर्शों का आज भी विश्व भर में अनुसरण किया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मबल, राष्ट्रसेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। मंत्री ने कहा कि आज हम सभी स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इस दौरान मंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन कोरिया का निरीक्षण किया . निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, भवन की स्थिति एवं संभावित विस्तार को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। स्वास्थ्य मंत्री ने भवन के मेंटेनेंस के लिए 15 लाख रुपये मंजूर किया स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण तक जर्जर भवन को हायर कर उपयोग में लिया जाएगा। इसके साथ ही भवन के रखरखाव और मेंटेनेंस के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह राशि जिला खनिज न्यास (DMF) मद से प्रदान की जाएगी। मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।


