स्वास्थ्य विभाग में 525 पदों पर निकली भर्ती:कोरोना वॉरियर्स को मिलेगा बोनस अंक, स्टाफ नर्स-वार्ड बॉय जैसे पदों के लिए कर सकते हैं आवेदन

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्वास्थ्य विभाग में 525 पदों पर भर्ती निकली है। इसमें स्टाफ नर्स से लेकर ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष और महिला), वार्ड बॉय, वार्ड आया जैसे पदों पर भर्ती की जानी है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के अंतर्गत इन पदों पर सीधी भर्ती कर रही है। बस्तर जिले के सीएमएचओ ने कहा कि कोरोना काल में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। विभाग की तरफ से जारी निर्देशों के मुताबिक, कोरोना वैश्विक महामारी के कठिन दौर में प्रदेश की शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में लगातार छह माह तक सेवा देने वाले अस्थाई कर्मियों को चयन प्रक्रिया में बोनस अंक मिलेगा। अनुभव प्रमाण पत्र अनिवार्य इस लाभ को प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों को अपना अनुभव प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अभ्यर्थियों को संबंधित जिले के सीएमएचओ कार्यालय में आवेदन करना होगा, जहां उन्होंने महामारी के दौरान काम किया था। इसके साथ ही उन्हें अपने कार्यादेश, जॉइनिंग रिपोर्ट और वेतन संबंधी दस्तावेज भी साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करने होंगे। दस्तावेज जमा करने की समय-सारिणी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने समय-सारिणी भी निर्धारित कर दी है। इसके तहत अभ्यर्थियों को अपना अनुभव प्रमाण पत्र 29 जनवरी 2026 तक कार्यालय में जमा कराना होगा। ये दस्तावेज केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और सीधे हाथों-हाथ जमा करने की अनुमति नहीं होगी। 8 फरवरी तक दस्तावेज सत्यापन अभ्यर्थियों के भेजे गए दस्तावेजों का सत्यापन विभागीय समिति 30 जनवरी से 8 फरवरी 2026 तक करेगी। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 10 फरवरी से 18 फरवरी के बीच प्राविधिक मेरिट सूची जारी की जाएगी। यदि किसी अभ्यर्थी को मेरिट सूची पर कोई आपत्ति हो तो वे 19 फरवरी से 24 फरवरी 2026 के बीच अपना दावा प्रस्तुत कर सकेंगे। 10 मार्च को अंतिम चयन सूची सभी आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची 10 मार्च 2026 को विभागीय वेबसाइट www.cghealth.nic.in पर अपलोड कर दी जाएगी। सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते अपने दस्तावेज जमा कर दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *