स्वास्थ्य शिविर, साइकिल रैली और सेवा कार्यों से मिला सामाजिक संदेश

भास्कर न्यूज |लुधियाना अरविंदो कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट में 9 से 15 जनवरी तक सात दिन का एनएसएस शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी, मानवीय संवेदना और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना था। शिविर की शुरुआत प्रार्थना सभा और विश्व हिंदी दिवस के कार्यक्रम से हुई। गोद लिए गए गांव मंसूरा और जोधा में रेहरास सेवा सोसायटी के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। मंसूरा गांव में नेत्र जांच शिविर लगाया गया, जबकि जोधा गांव में आर्थोपेडिक और सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। स्वयंसेवकों ने स्वामी विवेकानंद वृद्धाश्रम का भी दौरा किया, जहां बुजुर्गों को फल, ऊनी वस्त्र और बिस्कुट वितरित किए गए। छात्रों के मानसिक संतुलन और आत्मचिंतन के लिए पिरामिड मेडिटेशन सेंटर में ध्यान सत्र रखा गया, जिससे उन्हें मानसिक शांति का अनुभव हुआ। पर्यावरण और फिटनेस का संदेश देने के लिए राख बाग से पीएयू से होते हुए गोविंद गौधाम तक साइकिल रैली निकाली गई। गोविंद गौधाम पहुंचकर स्वयंसेवकों ने गायों की सेवा की। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद के विचारों पर आधारित प्रेरक सत्र आयोजित किए गए, जिसमें छात्रों को स्क्रीन टाइम कम करने और प्रकृति के साथ समय बिताने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार और सीपीआर पर एक व्यावहारिक सत्र आयोजित किया गया। गांव झांडे में निकाली गई रैली के माध्यम से नशा मुक्त समाज का संदेश भी दिया गया। सेवा कार्यों की कड़ी में ईएसआई अस्पताल और जच्चा-बच्चा केंद्र में चाय का लंगर लगाया गया। समापन दिवस पर अग्निशमन से जुड़ा जागरूकता सत्र रखा गया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव और फीडबैक साझा किए। कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. (डॉ.) विशाल कुमार ने एनएसएस इकाई के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर एनएसएस के मूल मंत्र मैं नहीं, आप की भावना को पूरी तरह दर्शाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *