हजारीबाग में आकाशीय बिजली के गिरने से एक युवा किसान की मौत हो गई। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग पंचायत स्थित असधीर गांव में सोमवार शाम को वज्रपात से एक 23 वर्षीय किसान राजू कुमार यादव की जान चली गई। राजू मायापुर में अपने लीज के खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बादल गरजे और रिमझिम बारिश के साथ वज्रपात हुआ। घटनास्थल पर ही राजू की मौत हो गई। आसपास के लोग युवक को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। मृतक के परिजन और भाजपा नेता शिवपाल यादव ने सांसद मनीष जायसवाल को घटना की जानकारी दी। सांसद के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की व्यवस्था करवाई। मृतक के परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग भाजपा नेता किशोरी राणा ने कटकमसांडी सीओ से मृतक के परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। सांसद प्रतिनिधि ने परिवार को आपदा प्रबंधन कोष से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। मृतक की शादी हो चुकी थी और उसका एक छोटा बच्चा है। इस घटना से पूरे असधीर गांव में शोक की लहर है। परिजनों के विलाप से गांव का माहौल गमगीन है।


