हजारीबाग में घर में घुसकर पुजारी की हत्या:छत के रास्ते घुसे अपराधी, सोते हुए में मारी पांच गोलियां, मौके पर ही हुई मौत

हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के बुंडू गांव में रविवार की आधी रात अज्ञात अपराधियों ने गांव के 35 वर्षीय रूपलाल करमाली की उनके ही घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, अपराधी घर के पीछे की ओर से पहुंचे और छत का सहारा लेकर अंदर घुसे। उन्होंने सो रहे रूपलाल पर एक के बाद एक पांच गोलियां दाग दीं। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घर की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। गांव में अचानक हुई घटना के बाद लोगों ने तुरंत केरेडारी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। गांव में पुजारी का काम करते थे रूपलाल रूपलाल करमाली गांव में आयोजित होने वाली बुंडू मंडा पूजा में भगत पुजारी की भूमिका निभाते थे। गांव के धार्मिक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण लोग उन्हें सम्मान की नजर से देखते थे। उनकी इस तरह की निर्मम हत्या ने पूरे गांव को सकते में डाल दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम देर रात ही मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की, चारों ओर फैले खून के धब्बों और गोलियों के खोखे को जब्त किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि रूपलाल का किसी से कोई विवाद नहीं था, ऐसे में उनकी हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी ने कहा– अपराधी जल्द होंगे गिरफ्तार हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन तकनीकी जांच, कॉल डिटेल और स्थानीय इनपुट के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश जारी है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि किसी तरह की पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद की जानकारी मिल सके। गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी ने भरोसा दिलाया कि इस जघन्य घटना में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *