हजारीबाग में सड़क दुर्घटना, किसान की मौके पर मौत:ट्रैक्टर चालक फरार; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, मुआवजे की मांग पर अड़े

हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत लूटा रेलवे ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में पकरार गांव निवासी वासुदेव महतो (65) की मौके पर ही मौत हो गई। वासुदेव महतो प्रतिदिन की तरह सब्जी बेचने के लिए अपने घर से शहरी क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर उनकी मृत्यु हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए और सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा। ग्रामीण दुर्घटना करने वाले वाहन चालक की गिरफ्तारी और मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। कटकमदाग अंचलाधिकारी सत्येंद्र पासवान भी मौके पर मौजूद थे सूचना मिलने पर कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। कटकमदाग अंचलाधिकारी सत्येंद्र पासवान भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया गया। मृतक वासुदेव महतो अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है। मृतक के पुत्र नागेश्वर प्रसाद ने बताया कि उनका परिवार बेहद गरीब है और उनके पिता ही पूरे परिवार का सहारा थे। उन्होंने प्रशासन से न्याय और उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके। कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय ने जानकारी दी कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि दोषी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *