अलवर में लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका प्रशासन ने ग्राम पंचायत की ओर से अलॉट दुकानों पर दूसरे दिन भी बुलडोजर चलाया। एक साथ 5-5 बुलडोजर ने पक्की दुकाने व दो मंजिला मकानों को जमींदोज कर दिया। कई जगहों से बड़ा अतिक्रमण हटाया गया। पालिका प्रशासन ने पूर्व में दुकान मालिकों को नोटिस भेज दिया था, जिसकी समयावधि खत्म होने के बाद नगर पालिका ने दुकानों को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाया जाने लगा है। यहां के लोगों का कहना है कि मालाखेड़ा रोड पर पूर्व में ग्राम पंचायत की ओर से दुकानदारों को ये दुकानें अलॉट की गई थी। फिर भी अतिक्रमण मानते हुए कार्यवाही की है। जिसका आमजन में विरोध भी है। वहीं अन्य लोगों का कहना है कि रास्ता चौड़ा होने से सबको राहत मिलेगी। दुकानदारों का कहना है कि दुकानें हमें ग्राम पंचायत से अलॉट की गई थी, जिनका हमारे पास पट्टा भी है। अगर ये अतिक्रमण में आती है तो पहले अलॉट क्यों किया। अगर इन्हें तोड़ना है तो हमें मुआवजा भी दिया जाए। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी जगदीश खीचड़ एव कनिष्ठ अभियंता श्याम सुंदर पाण्डे ने बताया कि बावड़ी से भगतसिंह सर्किल तक सीसी सड़क निर्माण कार्य किया जाना है। जिसको लेकर अतिक्रमण की श्रेणी मे आने वाले दुकानों व मकानो को दूसरे दिन भी हटाया गया । दूसरे दिन दुकान मालिक ओर मकान मालिका स्वयं अपने स्तर पर चिन्हित की गई जमीन अतिक्रमण को हटाते हुए दिखाई दिए ।


