हत्या के आरोप में जेल में बंद शिक्षक निलंबित:सतना के अटरा में हार्वेस्टर विवाद में हत्या, 8 आरोपी गिरफ्तार

सतना जिले में हत्या के आरोप में जेल में बंद एक सरकारी शिक्षक को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई नागौद थाना क्षेत्र के अटरा गांव में हुए हत्याकांड के संबंध में की गई है, जिसमें शासकीय प्राथमिक विद्यालय नई बस्ती अटरा के शिक्षक रामदुलारे सिंह को 29 दिसंबर 2023 को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अन्य आरोपियों के साथ न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश क्रमांक 2215 के अनुसार, शिक्षक पर लगे गंभीर आपराधिक आरोपों और न्यायिक अभिरक्षा में होने के कारण यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान रामदुलारे सिंह का मुख्यालय रामपुर बाघेलान विकासखंड कार्यालय निर्धारित किया गया है। आग तापने के दौरान हुआ था विवाद अटरा हत्याकांड 26 दिसंबर की रात करीब 10 बजे ग्राम अटरा में हार्वेस्टर को लेकर हुए विवाद के बाद हिंसक रूप ले लिया था। प्रहलाद सिंह उर्फ शंखू अपने चाचा द्वारिका प्रसाद पटेल के साथ खेत में महुआ के पेड़ के पास आग ताप रहे थे, तभी पंकज सिंह वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर पंकज सिंह ने अपने भाइयों और साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में लाठी, रॉड, हथौड़ा और कुल्हाड़ी से लैस करीब 11 लोग मौके पर पहुंचे और द्वारिका प्रसाद पटेल पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए बीरेंद्र, नत्थू सिंह और राहुल सिंह के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल द्वारिका प्रसाद को जिला अस्पताल सतना ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद थाना नागौद में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें निलंबित शिक्षक रामदुलारे सिंह भी शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *