हत्या के मामले में फरार महिला नोएडा से गिरफ्तार:हाईकोर्ट से स्थायी वारंट जारी था, अशोकनगर पुलिस की स्पेशल टीम ने पकड़ा

अशोकनगर जिले के देहात थाना क्षेत्र के बरखेड़ा जागीर गांव में हत्या के एक मामले में फरार चल रही एक महिला को पुलिस ने शुक्रवार को नोएडा, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। महिला का नाम सुशीला बाई उर्फ हल्की (40) पत्नी रामदयाल केवट है। उसकी गिरफ्तारी के लिए हाईकोर्ट से स्थायी वारंट जारी किया गया था। यह मामला उसकी देवरानी की हत्या से संबंधित है। जिला न्यायालय ने सुशीला बाई को इस मामले में सजा सुनाई थी, जिसे बाद में उच्च न्यायालय ग्वालियर ने भी बरकरार रखा। उस पर हत्या और दहेज उत्पीड़न के आरोप थे। घटना के बाद, सुशीला बाई अपने पति को छोड़कर एक अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी। वह अपने रिश्तेदारों सहित परिवार के किसी भी सदस्य के संपर्क में नहीं थी और लगातार फरार चल रही थी। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों की तामीली के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में, एसडीओपी अशोकनगर विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में एक टीम का गठन किया। इस टीम ने नोएडा, उत्तर प्रदेश पहुंचकर वारंटी सुशीला बाई उर्फ हल्की को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी देहात भुवनेश शर्मा, दीवान सिंह, संजय गुप्ता (साइबर सेल), सूरज हर्षाना और रश्मि शाक्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *