हत्या प्रयास मामले में राजीनामा न देने पर मारपीट:पीड़ित परिवार से मारपीट, 6 पर केस दर्ज, 4 आरोपी गिरफ्तार

छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम विक्रमपुर में हत्या के प्रयास के एक पुराने लंबित मामले में राजीनामा न करने पर पीड़ित यादव परिवार के दो सदस्यों पर हमला किया गया। आरोपियों ने मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, फरियादी भूपेंद्र पिता शंकर यादव (निवासी-बरतरिया पुरवा, ग्राम-विक्रमपुर, थाना-राजनगर) और आरोपी गजेंद्र सिंह, बबलू सिंह, गोलू सिंह, दंगल सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, अंकित सिंह के बीच हत्या के प्रयास के एक मामले को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। यह मामला अभी भी न्यायालय में लंबित है। आरोप है कि आरोपी पक्ष पिछले कई दिनों से यादव परिवार पर राजीनामा करने का दबाव बना रहा था। स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी राजीनामा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। जब यादव परिवार राजीनामा देने को तैयार नहीं हुआ, तब आरोपियों ने बीते दिन हमला कर दिया। आरोपियों ने यादव परिवार के दो लोगों पर फायरिंग की और लाठी, डंडों तथा लोहे की रॉड से मारपीट कर उनके हाथ-पैर तोड़ दिए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर लाया गया, जहां ट्रॉमा वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। मारपीट के मामले में दर्ज एफआईआर के अनुसार, फरियादी भूपेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि वह और उसका चचेरा भाई विक्रम यादव मोटरसाइकिल से आंगनवाड़ी जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और हत्या के प्रयास के मामले में राजीनामा देने का दबाव बनाया। राजीनामा न करने पर उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की गई। राजनगर थाना प्रभारी परशुराम डाबर ने बताया कि मामले से जुड़े छह आरोपियों पर बीएनएस की धारा 190, 191(2), 191(3), 232, 296, 115, 351, 324 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में से बबलू बुंदेला, दीपेंद्र परमार, रुद्रप्रताप सिंह और गोलू बुंदेला को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दो आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *