हथखोज में सड़क पर मिली युवक की लाश:किसी को पता नहीं कब हुआ हादसा, सुबह सड़क किनारे क्षत-विक्षत हालत में मिली डेड बॉडी, पहचानना भी मुश्किल

हथखोज इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक की क्षत-विक्षत लाश सड़क पर मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्राथमिक जांच में इसे सड़क हादसा माना जा रहा है, लेकिन शव की हालत देखकर लोग कई तरह के संदेह भी जता रहे हैं। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस इसकी पतासाजी कर रही है। स्थानीय लोगों ने सुबह उठते ही सड़क पर भीड़ देखी। नजदीक जाकर देखा तो सड़क किनारे एक युवक की लाश पड़ी थी। लोगों के अनुसार किसी भारी वाहन ने युवक को कुचल दिया और चालक मौके से फरार हो गया। लाश बुरी तरह से क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान कर पाना भी मुश्किल हो रहा है। कुछ लोगों का कहना है कि युवक किसी फैक्ट्री का मजदूर रहा होगा, क्योंकि आसपास इंडस्ट्रियल एरिया है और कई मजदूर रात में शिफ्ट बदलकर इसी रास्ते से गुजरते हैं। अवैध पार्किंग बनी बड़ी समस्या, तीसरी घटना से बढ़ी नाराजगी
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां रातभर बड़े ट्रक और भारी वाहन खड़े रहते हैं। पूरे रास्ते पर अवैध पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। यह इस स्थान पर तीसरी ऐसी घटना है, जिसे लोग लापरवाह और अवैध पार्किंग की वजह से हुआ हादसा मान रहे हैं। लोगों का कहना है कि रात में यहां घना अंधेरा रहता है, क्योंकि सड़क पर लगे लाइटें बंद पड़ी हैं। पार्षद भी नहीं देते समस्याओं पर ध्यान
एक निवासी ने बताया पार्षद से कई बार लाइट लगाने और चालू कराने की मांग की गई, लेकिन आज तक लाइटें नहीं जलीं। कैमरा तक नहीं लगा है। रात में कुछ दिखता ही नहीं, ऐसे में हादसे होना तय है। कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि लेबर वर्ग के लोग देर रात यहां से गुजरते हैं और अंधेरे में उन्हें निशाना बनाने जैसी आशंका भी कई बार स्थानीय लोग जता चुके हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज (यदि आसपास मिलते हैं) के आधार पर आगे जांच की जाएगी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में स्ट्रीट लाइट तुरंत दुरुस्त कराई जाए और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *