जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र स्थित बिजली सबस्टेशन में हथियारबंद बदमाशों ने 15 लाख रुपए मूल्य के कॉपर क्वायल चोरी कर ली। इस दौरान बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात दो कर्मचारियों को बंधक बना लिया। घटना बीती रात करीब 11 बजे की है। जानकारी के मुताबिक जब हाता फीडर में बिजली बाधित हुई तो एसबीओ सोनू कुंकल और लाइनमैन नयन माल जांच के लिए बाहर निकले। इसी दौरान 10-12 हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए। गैस कटर से काट लिए कॉपर क्वायल अपराधियों ने पूरी रात डीवीसी परिसर में रखे 5 एमवीए ट्रांसफार्मर को गैस कटर से काटकर उसमें से कॉपर क्वायल निकालने में लगाई। सुबह करीब 5:30 बजे ड्यूटी पर आए लाइनमैन जग्गा सरदार ने बंधक बनाए गए कर्मचारियों को देखा और तुरंत पोटका पुलिस को सूचित किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। इस घटना से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


