हनुमानगढ़ जंक्शन के गांधीनगर क्षेत्र में लंबे समय से अधूरे पड़े रेलवे फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण को शीघ्र पूरा करने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में सोमवार को मोहल्लेवासियों, हनुमानगढ़ विकास मंच, व्यापार मंडल और अन्य सामाजिक संगठनों ने जिला कलेक्टर व उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। आए दिन हादसों का खतरा ज्ञापन में एफओबी निर्माण कार्य को बिना किसी बदलाव के उसी स्थान से दोबारा शुरू करने की मांग की गई है, जहां पूर्व में खुदाई और सरियों का जाल डालकर कार्य शुरू हो चुका था। मोहल्लेवासियों ने बताया कि गांधीनगर से मुख्य बाजार जाने के लिए रेलवे लाइन पार करना वर्षों से एक बड़ी समस्या बनी हुई है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा रहता है। पीसीसी व सरियों का जाल डलवाया स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्तमान विधायक गणेशराज बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवां और पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ के प्रयासों से निर्माण कार्य आगे बढ़ा था। करीब डेढ़ माह पहले रेलवे के एईएन सुरेश तोषावड़ा ने मौके पर पहुंचकर एफओबी के लिए मार्किंग की, गड्ढे खुदवाए और पीसीसी व सरियों का जाल डलवाया था। हालांकि, कुछ लोगों की आपत्ति के चलते निर्माण कार्य रोक दिया गया। ज्ञापन में बताया गया कि कुछ लोग एफओबी की सीढ़ियां संकरी गलियों में उतरवाना चाहते हैं, जिससे कई मकानों और दुकानों के रास्ते बंद हो जाएंगे। रेलवे लाइन पार करने को मजबूर छात्राएं इस बदलाव से एम्बुलेंस, दमकल वाहन, कचरा गाड़ी और गैस सप्लाई जैसी जरूरी सेवाओं में बाधा आने की आशंका है। इसके अतिरिक्त, कन्या स्कूल की छात्राएं रोजाना जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करने को मजबूर हैं। संगठनों ने मांग की है कि रेलवे एईएन द्वारा पूर्व में चिह्नित स्थान पर ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर एफओबी को जल्द पूरा कराया जाए। इस अवसर पर प्यारेलाल बंसल, विजय कौशिक, निवर्तमान पार्षद गुरदीप सिंह बराड़, जगदीश अग्रवाल, देवेंद्र अरोड़ा, मिठनलाल, राजकुमार छाबड़ा, गुरदास सरां, गर्वित और हरजिंद्र सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।


