नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ मामले में न्याय दिलाने की मांग को लेकर भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जंक्शन पुलिस थाना के बाहर धरना दिया। डीवाईएफआई के तहसील सचिव वेद मक्कासर ने बताया कि पैदल स्कूल जाते समय नाबालिग छात्रा को रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने रोका। आरोपी ने खुद को लड़की के पिता का परिचित बताया और स्कूल छोड़ने के बहाने उसे बाइक पर बैठा लिया। दुष्कर्म की नीयत से आरोपी उसे खेत में ले गया। छेड़छाड़ के दौरान लड़की वहां से बच निकली और स्कूल पहुंचकर टीचर को आपबीती बताई। परिजनों का आरोप है कि 15 सितंबर को जंक्शन थाना में घटना के संबंध में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है और न ही मामला दर्ज किया गया। धरने पर डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकरण में जल्द संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।


